लाल किले पर हुई हिंसा के आरोपी किसान नेता सुखदेव सिंह ने ही आरोपी जुगराज को झंडा फहराने और तोड़फोड़ के लिए कहा था। पंजाब के अभिनेता दीप सिद्धू और जुगराज सिंह के साथ सुखदेव की लाल किले पर ही मुलाकात हुई थी। जुगराज सेवादार है और वह गुरुद्वारे में झंडा फहराने के लिए पोल पर चढ़ता रहा है। अभ्यास होने के कारण वह लाल किले के पोल पर तुरंत चढ़ गया। ये खुलासा गिरफ्तार 50 हजार रुपये के इनामी सुखदेव ने किया हैअपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि लाल किले पर हुई हिंसा के बाद करनाल निवासी सुखदेव सिंह (65) सिंघु बॉर्डर पर धरनास्थल पर ही छिपा हुआ था। उसकी रोज की लोकेशन सिंघु बॉर्डर पर आ रही थी। मगर दिल्ली पुलिस ने उसे सिंघु बॉर्डर से नहीं पकड़ा। सुखदेव सिंह ने छह फरवरी को चक्का जाम में हिस्सा लिया। छह फरवरी को ही वह अपनी बेटी की ससुराल कुरूक्षेत्र के पास पीपली गांव चला गया। उसे पता था कि पुलिस ने उसे पर इनाम घोषित कर दिया है और वह अपने घर जाएगा तो पुलिस उसे पकड़ लेगी। सात फरवरी को आरोपी चंडीगढ़ वकील से मिलने चला गया।
चंडीगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर करनी थी कि हरियाणा सरकार ने सिंघु बॉर्डर पर धरने पर बैठे किसानों की बिजली व पानी काट दिया है। वह हाईकोर्ट पहुंच पता उससे पहले ही दिल्ली पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र, सेक्टर-तीन, चंडीगढ़ में रेडलाइट से उसे पकड़ लिया। दिल्ली पुलिस ने इसकी सूचना औद्योगिक एरिया थाना पुलिस को लिखित में दी है। सुखदेव सिंह ने लाल किले पर भीड़ को लीड़ किया था और उसने ही तोड़फोड़ करने के लिए भीड़ को उकसाया था। सुखदेव सिंह का कहना है कि अगर वह तोड़फोड़ नहीं करेंगे तो सरकार कैसे झुकेगी।